Delhi Election 2025: 27 साल बाद बीजेपी की दिल्ली की सत्ता में वापसी हुई है। राज्य की 70 में से 48 सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की है। दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? शपथ ग्रहण समारोह कब आयोजित किया जाएगा? ऐसे कई सवाल लोगों के मन में हैं।
मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर अहम बैठक हुई, जिसमें सीएम फेस को लेकर गहन मंथन किया गया। इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, बैजयंत पांडा और बीएल संतोष बैठक में मौजूद थे। इसी बीच शपथ ग्रहण समारोह को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। सूत्रों की मानें तो पीएम मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद दिल्ली में शपथ ग्रहण हो सकता है।
पीएम मोदी 14 फरवरी को देश वापस लौटेंगे। इसके बाद दिल्ली के नए सीएम का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए में शामिल तमाम दलों के बड़े नेता और एनडीए साशित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इससे पहले शनिवार को बीजेपी दफ्तर में शपथ ग्रहण समारोह और दिल्ली सरकार की रूपरेखा को लेकर चर्चा की गई थी।
बता दें कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए बीते 5 फरवरी को वोटिंग हुई थी जबकि मतगणना 8 फरवरी को हुई। 70 सीटों में से 48 बीजेपी के खाते में आईं जबकि आम आदमी पार्टी सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई। वहीं कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला और लगातार तीसरी बार कांग्रेस को दिल्ली चुनाव में दुर्गति का सामना करना पड़ा है।





