Bihar Election 2025: सासाराम पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महागठबंधन पर तीखा हमला किया और कहा है कि जिन लोगों ने बिहार के सामने एक समय बहुत बड़ा संकट खड़ा कर दिया था, आज वही लोग एकत्र होकर महागठबंधन बना के फिर से लोगों के बीच ठगने के लिए आ गए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सासाराम के न्यू स्टेडियम फजलगंज में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा के लिए वोट मांगने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले 20 सालों से नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को आगे बढ़ते देखा है। इसे एक बार फिर से पुराने दिनों में लौटने नहीं देना है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने बिहार के किसानों को आत्महत्या करने पर मजबूर कर दिया। जिन लोगों ने बिहार के व्यवसाईयों और कारोबारी को के सामने सुरक्षा का बड़ा संकट खड़ा कर दिया। वह कौन लोग थे जो बिहार के मां-बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने का काम किया? आज वही लोग महागठबंधन बनाकर लोगों को ठगने के लिए फिर से मैदान में आ गए हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।
बता दें कि कार्यक्रम में पहुंचने पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। इस दौरान मंच पर भाजपा की विधान पार्षद निवेदिता सिंह भी मौजूद रही। उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा पहली बार विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही हैं।





