1st Bihar Published by: SAURABH KUMAR Updated Jun 19, 2026, 9:03:52 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के सीतामढ़ी जिले के चोरौत थाना क्षेत्र के भंटाबाड़ी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 14 वर्षीय तौफ़ीक़ की निर्मम हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने पहले बच्चे की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया और फिर ईंट से उसका सिर कुचल दिया। शुक्रवार को कब्रिस्तान के पास बच्चे का शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों का दावा है कि गांव की ही एक लड़की से बातचीत या कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर तौफ़ीक़ की हत्या की गई है।
हालांकि, इस आरोप की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही चोरौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
इस बीच, सोशल मीडिया पर तेजाब डालने की भी चर्चा हुई, लेकिन सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने तेजाब डालने की बात से साफ इनकार किया है। मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत के बाद गांव में गम और गुस्से का माहौल है। ग्रामीण दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं।