Bihar Crime News: बिहार में बेखौफ हो चुके अपराधी एक के बाद एक वारदातों को अंजाम देकर पुलिस और सरकार को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा घटना समस्तीपुर से सामने आई है, जहां अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया है। घटना नगर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके बहादुर मॉडल इंटर स्कूल के पास की है।
जानकारी के मुताबिक, नकाबपोश अपराधियो ने शहर के बहादुरपुर मुहल्ले के एक ज़र्दा व्यवसायी और दुकान में मौजूद ग्राहकों को बंधक बनाकर लूटपाल की है। अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब साढ़े चार लाख रुपए कैश लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
राहुल इंटरप्राइजेज नामक दुकान में तीन से चार की संख्या में आए नकाबपोश अपराधियों ने कारोबारी को गन पॉइंट पर ले लिया और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। दुकान के कर्मी के अलावे एक ग्राहक को भी बदामाशों ने लूट लिया। घटना को अंजाम देकर अपराधी आराम से फरार हो गए।
पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस ने जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इधर, इलाके के लोग दिनदहाड़े हुई इस वारदात को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।




