Bihar Crime News: बिहार के सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र के महेशपुर वार्ड नंबर 9 में खेत में पानी के बहाव को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। इस दौरान रिटायर्ड होमगार्ड सुरेंद्र प्रसाद यादव को गोली मार दी गई। गोली उनके दाहिने कंधे और सीने के बीच लगी। फिलहाल उन्हें सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र यादव पिछले साल दिसंबर में होमगार्ड विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। घटना के संबंध में जख्मी के भतीजे विकास यादव ने बताया कि पड़ोसी मंजेश और सुजीत ने अपने खेत में अधिक पानी देखा और आरोप लगाया कि यह पानी सुरेंद्र यादव के खेत से बह कर आया है जबकि वास्तविकता में पानी बारिश के कारण खेत की आड़ से बह आया था।
विवाद पहले गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गया। इसी दौरान सुजीत ने फायरिंग कर दी, जिससे सुरेंद्र यादव घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही हथियार आरोपी से छीनकर पुलिस को सौंप दिया। सौरबाजार थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि फर्दबयान के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।



