Bihar Crime News: सहरसा में नगर निगम के वार्ड 18 स्थित एक लॉज में किराए के मकान में रह रहे स्टूडेंट ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही सहरसा सदर थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक छात्र की पहचान मधेपुरा जिले के घेलाढ थाना अंतर्गत रतनपूरा वार्ड नंबर 13 निवासी हरिश्चंद्र शर्मा उर्फ छोटू के 19 वर्षीय पुत्र प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। प्रशांत मधेपुरा जिले के टीपी कॉलेज का बीए पार्ट थर्ड का स्टूडेंट था और सहरसा नगर निगम के वार्ड नंबर 18 संतनगर मोहल्ले स्थित मोहन साह के स्टूडेंट लॉज में किराए के मकान में बीते 5 महीना से रह रहा था।
वह सहरसा में ही रहकर पढ़ाई किया करता था। प्रशांत दो भाईयों में सबसे बड़ा था। मृतक के चचेरे भाई मिथुन कुमार ने बताया कि आज उनके मकान मालिक के द्वारा फोन पर परिवार वालों को सूचना दी गई कि प्रशांत का कमरा खुला नहीं है और अंदर खिड़की से झांककर देखने पर पता चला वह खुदकुशी कर लिया है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम के पहुंचने पर बंद कमरे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। इस बाबत सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का प्रतीत हो रहा है। सुसाइड किन वजह से किया गया है इसकी जानकारी परिवार वालों को भी नहीं है। इधर घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है।




