Bihar Crime News: रोहतास जिले के डेहरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। डेहरी स्टेशन रोड स्थित सब्जी मंडी के पीछे एक बड़े लाल रंग के ट्रॉली बैग में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर सबसे पहले डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद डेहरी थाना की पुलिस और वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
फिलहाल ट्रॉली बैग को पूरी तरह खोला नहीं गया है, लेकिन बैग की आंशिक रूप से खुली चैन से देखने पर अंदर किसी किशोरी या युवती का शव होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई है।
पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया है और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रॉली बैग खोलने और फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है।





