Patna Crime News: राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत सरिस्ताबाद पूर्वी में रविवार को अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक को तत्काल PMCH ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान राज किशन उर्फ छोटू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अनीसाबाद का रहने वाला था और हाल ही में सरिस्ताबाद के राम नारायण निवास में किराए पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह 10 दिन पहले ही ब्लिंकिट में डिलीवरी ब्वॉय की नौकरी पर लगा था।
घटना के समय युवक अपने कमरे में ही था, जब अपराधी घर में घुसकर उसे गोली मार गए। गोली लगने के बाद मकान मालिक की मदद से घायल को PMCH पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राज किशन अपने परिवार में सबसे छोटा था। उसके पिता विजय कुमार यादव बिहार इंटरमीडिएट काउंसिल में कार्यरत थे। मृतक के दो भाई और दो बहनें हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पटना सेंट्रल की एसपी दीक्षा कल्याणी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत होता है। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल, पुलिस इलाके में लगे CCTV फुटेज की जांच कर रही है। मौके पर FSL की टीम को बुलाकर कमरे की गहन जांच कराई जा रही है।


