Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में सोमवार देर रात एक शर्मनाक घटना सामने आई। बेउर की रहने वाली महिला को परसा बाजार के चिहुट निवासी रमेश चौधरी ने खाना बनाने के बहाने ऑटो भेजकर पुनपुन नदी घाट बुलाया। वहां रमेश ने अपने दो दोस्तों को बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को पिला दिया।
नशे की हालत में तीनों ने ऑटो में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे बेहोशी की हालत में अलावलपुर गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। होश आने पर पीड़िता ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रमेश चौधरी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसके दो अन्य साथी अलावलपुर गांव के कुणाल उर्फ कुंदन कुमार और मसौढ़ी संघतपर निवासी सरदार उर्फ सागर का नाम सामने आया। दोनों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एफएसएल की टीम ने मौके पर जांच की। थानेदार बेबी कुमारी ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और ऑटो चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



