Patna Crime News: पटना के कुर्जी इंडस्ट्रियल स्टेट रोड पर मंगलवार को दिनदहाड़े एक बदमाश ने कारोबारी शम्भू सिंह पर गोली चला दी। हालांकि, कारोबारी की सूझबूझ और साहस के कारण उनकी जान बच गई। फायरिंग के दौरान शम्भू सिंह ने बदमाश का हाथ पकड़ लिया और गोली हवा में चल गई।
बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे शम्भू सिंह किसी काम से बाहर गए थे। जैसे ही वे अपनी कार से उतरकर घर में प्रवेश करने लगे, पीछे से पहले से घात लगाए बदमाश ने उन पर कट्टा तान दिया। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई। कारोबारी की पत्नी और नौकर ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने बदमाश को घेरकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपित की पहचान सिकंदर उर्फ राहुल बिक्रम के रूप में की है। दीघा थानाध्यक्ष संजीव कुमार और विधि-व्यवस्था एसडीपीओ दिव्यांजलि मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी ली गई। बदमाश से एक कट्टा, एक पिस्टलनुमा लाइटर, दो कारतूस और दो चाबियां बरामद हुईं, जिनमें से एक बाइक और दूसरी चारपहिया वाहन की बताई जा रही है।
पीड़ित कारोबारी शम्भू सिंह ने बताया कि आरोपित ने वर्ष 2024 में उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में पुलिस ने पहले उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपित वर्तमान में स्विगी में डिलीवरी बॉय है। शम्भू सिंह का राजीव नगर में भी एक मार्केट है। कोरोना काल से पहले आरोपित ने यहाँ किराये पर चाउमीन की दुकान खोली थी, लेकिन दो महीने में ही बंद कर दी थी। पूछताछ में आरोपित ने कहा कि उसे करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) पटना भानु प्रताप सिंह ने बताया कि दीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्जी मोड़ के पास फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बदमाश को पिस्टल और कट्टा के साथ गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन को लेकर पूर्व से विवाद होने की बात सामने आई है।





