1st Bihar Published by: SONU KUMAR Updated Jun 12, 2026, 6:51:50 PM
गिरफ्त में घूसखोर - फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ निगरानी का एक्शन लगातार जारी है। हर दिन अलग-अलग जिलों से भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारी और कर्मचारी निगरानी के हत्थे चढ़ रहे हैं। नवादा में निगरानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक भ्रष्ट राजस्व कर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
दरअसल, नवादा सदर अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व कर्मी सुजीत कुमार के खिलाफ निगरानी को भ्रष्टाचार की शिकायत मिली थी। आरोपी राजस्व कर्मचारी शंकर पासवान से जमीन के परिमार्जन के लिए पैसों की डिमांड कर रहा था। पीड़िक शंकर पासवान ने निगरानी में राजस्व कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत दर्ज करने के बाद निगरानी ने जांच में आरोप को सही पाया और डीएसपी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया। धावा दल पटना से नवादा पहुंचा और आरोपी राजस्व कर्मचारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी पीड़ित से रिश्वत के 15 हजार रुपए ले रहा था तभी निगरानी की टीम ने धावा बोल दिया।
निगरानी की टीम ने आरोपी को रंगे हाथ अरेस्ट कर लिया और पूछताछ के बाद उसे अपने साथ पटना ले गई, जहां उसे निगरानी की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। निगरानी के इस एक्शन के बाद जिले के कर्मियों में हड़कंप मच गया है।