Bihar Crime News: बिहार में भष्ट्राचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। ताबड़तोड़ एक्शन के बावजूद भ्रष्ट अधिकारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर से आया है, जहां निगरानी विभाग की टीम ने सुबह सवेरे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दारोगा को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
दरअसल, बिहार के मुजफ्फरपुर से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सदर थाना में पदस्थापित दारोगा भास्कर को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने की। अचानक हुई इस छापेमारी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, दारोगा भास्कर पर एक केस में कार्रवाई करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित ने इसकी शिकायत पटना में निगरानी से की थी। जांच में आरोप को सही पाए जाने के बाद निगरानी की टीम पटना से मुजफ्फरपुर पहुंची और घूसखोर दारोगा को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
जैसे ही आरोपी दारोगा रिश्वत के 15 हजार रुपए ले रहा था, निगरानी की टीम ने धावा बोल दिया और घूसखोर दारोगा को 15 हजार रुपए के साथ रंगे हाथ धर दबोचा। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद निगरानी की टीम उसे अपने साथ ले गई, जहां पूछताछ के बाद उसे पटना की विशेष निगरानी कोर्ट में पेश किया जाएगा।




