CBI Investigation: जहानाबाद की नीट छात्रा के संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई जांच पूरी गति से जारी है। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई ने एसआइटी द्वारा जब्त किए गए सीसीटीवी फुटेज और संबंधित डीवीआर की फोरेंसिक रिपोर्ट का अध्ययन शुरू कर दिया है।
फुटेज के हर फ्रेम का विश्लेषण कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है, ताकि घटना के समय-क्रम और संदिग्ध गतिविधियों की स्पष्ट तस्वीर सामने आए। साथ ही, मृत छात्रा के भाई से बरामद मोबाइल का तकनीकी विश्लेषण भी किया जा रहा है। यह मोबाइल मखदुमपुर से बरामद हुआ था।
मोबाइल में कॉल डिटेल, चैट, लोकेशन हिस्ट्री और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल सीबीआई अधिकारी मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं बता रहे हैं। पटना में नीट छात्रा की मौत के बाद परिजनों को लगातार धमकी भरे पर्चे मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जिला फॉरेंसिक टीम और शकूराबाद थाने की पुलिस बुधवार को पीड़िता के गांव पहुंची और पर्चे फेंके गए स्थल की जांच की।
एफएसएल अधिकारी मनिषा रानी और शकूराबाद थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने घर के किचन और खिड़की के आसपास से कई सैंपल संग्रह कर जांच के लिए अपने साथ ले गए। जानकारी के अनुसार 13 और 17 फरवरी को अज्ञात लोगों ने धमकी भरे पर्चे किचन की खिड़की से फेंके थे। किचन की खिड़की में केवल ग्रिल लगा है, जिससे सामान आसानी से फेंका जा सकता है।
छात्रा के पिता ने बताया कि धमकी से परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा है। फिलहाल परिवार की सुरक्षा के लिए एक एसआई, दो पुलिस कर्मी और एक चौकीदार तैनात हैं, लेकिन इसके बावजूद पर्चा फेंककर धमकी देने की घटना हुई।




