Bihar Crime News: बिहार के बक्सर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार सिपाहियों को घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ये सभी सिपाही बिहार पुलिस की मेडिकल फिटनेस प्रक्रिया में उम्मीदवारों से रिश्वत वसूल रहे थे।
दरअसल, मामले का खुलासा तब हुआ जब किसी ने इसकी जानकारी बक्सर एसपी शुभम आर्य को दी। सूचना मिलते ही एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बक्सर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान घूसखोरी की पुष्टि हुई।
डीएसपी ने चारों आरोपी सिपाहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार करते हुए मेडिकल फिटनेस के नाम पर 10,000 प्रति उम्मीदवार की रिश्वत लेने की बात मानी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 3.5 लाख नकद बरामद किया, साथ ही 1.6 लाख की ऑनलाइन पेमेंट की जानकारी भी सामने आई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर चारों सिपाहियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बक्सर पुलिस की यह कार्रवाई राज्य में पुलिस विभाग के भीतर भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
रिपोर्ट- सुमंत सिंह, बक्सर



