Bihar News: सहरसा से सनसनीखेज खबर सामने आ रहा है। यहां फकीर टोला में नशा करने से मना करने पर नशेड़ियों ने चाकू मारकर एक महिला सहित तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना मंगलवार देर शाम सहरसा के सदर थाना क्षेत्र के फकीर टोला में हुई है। स्थानीय लोगों ने घर के पास गांजा पी रहे नशेड़ियों का विरोध किया तो उन नशेड़ियों ने चाकू से स्थानीय लोगों पर हमला कर 35 वर्षीय मो. रफीक, 27 वर्षीय रवीना प्रवीण और 30 वर्षीय मो. शहीद को गंभीर रूप से घायल कर दिया है। इनमें से मो. रफीक के गले पर चाकू लगने से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सभी घायलों को तुरंत सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद वहां चिकित्सकों ने मो. रफीक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि मो. लकी, मो. हसनैन और कुछ अन्य लोग उनके घर के पास गांजा पी रहे थे और विरोध करने पर उन्होंने चाकूबाजी कर सभी को घायल कर दिया।

इस घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज की है और पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। वहीं पूरे क्षेत्र में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है।
रिपोर्टर: रितेश






