Bihar Crime News: बिहार के गृहमंत्री सम्राट चौधरी की सख्त चेतावनी के बावजूद बिहार में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। जमुई में स्वर्ण कारोबारी से 50 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस अब तक कोई ठोस सफलता हासिल नहीं कर पाई थी कि महज तीन दिन बाद अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी।
सोमवार की शाम करीब 4 बजे जमुई–सिकंदरा मुख्य मार्ग पर चौडीहा गांव के समीप बाइक सवार एक व्यक्ति की दिनदहाड़े बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने व्यक्ति के सिर और चेहरे को निशाना बनाते हुए करीब आधा दर्जन गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। डायल-112 की टीम और टाउन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक मैगजीन बरामद की है।
मृतक की पहचान लछुआड़ थाना क्षेत्र के गौहरनगर गांव निवासी मिश्री यादव के पुत्र अशोक यादव के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने पहले अशोक यादव की बाइक रुकवाई और फिर बेहद नजदीक से सिर व मुंह में गोलियां मार दीं।
जानकारी के अनुसार, तीन वर्ष पूर्व अशोक यादव के पुत्र विकास यादव की भी हत्या हो चुकी है। ऐसे में पुलिस इस वारदात को पुरानी रंजिश या जमीन विवाद से जोड़कर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सतीश सुमन और टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन शुरू कर दिया।
हालांकि पुलिस अब तक हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं कर सकी है। बढ़ते अपराधों से दहशत में लोगपिछले एक महीने में जिले में कई बड़ी आपराधिक घटनाओं में पुलिस की नाकामी सामने आई है। लगातार हो रही इन वारदातों से आम लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस की ओर से दावा किया गया है कि विशेष जांच टीमें गठित कर अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी, लेकिन सवाल यह है कि तब तक जनता खुद को कितना सुरक्षित महसूस कर पाएगी।





