झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित नगर सेवा संवर्ग संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के तहत चयनित 289 अभ्यर्थियों को आखिरकार नियुक्ति पत्र मिलने जा रहा है। लंबे संघर्ष के बाद 18 फरवरी, मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
किन पदों पर मिलेगी नियुक्ति?
झारखंड सरकार ने विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस भर्ती के तहत निम्नलिखित पदों पर अभ्यर्थियों की नियुक्ति होगी:
गार्डेन अधीक्षक – 09 पद
वेटनरी ऑफिसर (पशु चिकित्सा पदाधिकारी) – 08 पद
सेनेटरी एंड फूड इंस्पेक्टर – 12 पद
राजस्व निरीक्षक – 174 पद
विधि सहायक – 44 पद
कई विवादों के बाद आया परिणाम
यह परीक्षा 29 और 30 अक्टूबर 2023 को आयोजित की गई थी, लेकिन इसके परिणाम को लेकर कई विवाद सामने आए। अभ्यर्थियों ने आयोग कार्यालय से लेकर राजभवन तक विरोध प्रदर्शन किया। कई महीनों की जद्दोजहद और अक्टूबर 2024 में प्रमाणपत्र सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आखिरकार परिणाम जारी किया गया।
समारोह की तैयारियां पूरी
नगरीय प्रशासन निदेशालय ने नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम प्रोजेक्ट भवन के दूसरे तल्ले पर सुबह 11 बजे से आयोजित होगा। निदेशालय की सहायक निदेशक अंशु कुमारी ने चयनित अभ्यर्थियों को समय पर उपस्थित होने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार की इस पहल से लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।


