Job update jharkhand: झारखंड में बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार जल्द ही 8000 पदों पर बंपर बहाली करने जा रही है। इसमें असिस्टेंट जेलर, कक्षपाल, जिला बल, होम गार्ड और उत्पाद सिपाही जैसे अहम पद शामिल हैं। राज्य के 31 जेलों में स्टाफ की भारी कमी को देखते हुए कारा विभाग ने नियुक्ति प्रक्रिया की सिफारिश की है। विभाग की ओर से जल्द ही इस संबंध में विज्ञापन जारी किया जाएगा।
स्थायी आधार पर होगी नियुक्ति:
सूत्रों के मुताबिक, 45 असिस्टेंट जेलर और 1900 कक्षपालों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा जिला बल, उत्पाद सिपाही और होम गार्ड के भी हजारों पदों पर भर्ती होगी। सबसे बड़ी बात यह है कि इन सभी पदों पर बहाली स्थायी आधार पर की जाएगी, जिससे चयनित अभ्यर्थियों को भविष्य में सुरक्षा और स्थायित्व मिलेगा।
दौड़ की प्रक्रिया हुई आसान:
कक्षपाल (सिपाही संवर्ग) की नियुक्ति के लिए दौड़, शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा जरूरी है। लेकिन अब दौड़ की प्रक्रिया को पहले की तुलना में आसान बना दिया गया है। पिछली बार उत्पाद सिपाही की दौड़ के दौरान एक उम्मीदवार की मौत के बाद नियमों में यह बदलाव किया गया है।
अब सिर्फ 1.6 किमी की दौड़:
पहले उम्मीदवारों को 10 किमी दौड़ पूरी करनी होती थी, लेकिन अब पुरुष अभ्यर्थियों को केवल 1.6 किमी की दौड़ 6 मिनट में पूरी करनी होगी। वहीं, महिला अभ्यर्थियों को यही दूरी 10 मिनट में पूरी करनी होगी। इससे प्रतियोगिता में अधिक उम्मीदवार भाग ले सकेंगे और चयन प्रक्रिया अधिक समावेशी होगी।






