DESK : भारत के लोगों के लिए यह थोड़ी हैरान कर देने वाली खबर है। लेकिन,यह सच है कि भारत के अंदर अब अरबपतियों की संख्या बढ़कर 185 हो गई है। अमेरिका और चीन के बाद यह सबसे अधिक संख्या है। इतना ही नहीं, सालभर के भीतर इन अरबपतियों की दौलत में 42 फीसदी का इजाफा भी हुआ है। अमेरिका स्थित रेटिंग एजेंसी यूबीएस की बिलेनियर एंबीशन्स रिपोर्ट में ये तथ्य सामने आए हैं।
इस रिपोर्ट के अनुसार सालभर में भारत ने 32 नए अरबपति जोड़े हैं। 2015 के बाद से, देश में अरबपतियों की संख्या दोगुनी से भी अधिक हो गई है। रिपोर्ट में कहा गया है, यह आर्थिक क्षेत्र में भारत के लगातार बढ़ते कदमों को दिखाता है। इससे पीछे वे नए चेहरे भी हैं, जिन्होंने पारंपरिक व्यवसाय से लेकर नए क्षेत्रों तक में सफलता के झंडे गाड़े हैं। कारोबार के क्षेत्र में लगातार हो रही बढ़ोतरी का इसमें अहम योगदान है।
अमेरिका में अरबपतियों की संख्या 835 और चीन में 427 है। अमेरिका में इस साल 84 लोग अरबपतियों की सूची में जुड़े। हालांकि, चीन में अरबपतियों की संख्या में गिरावट देखी गई। चीन में इस साल 93 अरबपति कम हुए हैं। वहीं, वैश्विक स्तर पर अरबपतियों की संख्या 2015 में 1,757 से बढ़कर 2024 में 2,682 हो गई है।






