1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 13, 2026, 11:43:07 AM
- फ़ोटो
East Central Railway: बिहार के रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. अब सफर के दौरान खाने-पीने की सुविधा को और बेहतर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. पूर्व मध्य रेलवे ने राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्रीमियम कैटरिंग आउटलेट खोलने की योजना बनाई है. इसके बाद यात्रियों को स्टेशन पर ही ब्रांडेड, स्वादिष्ट और गुणवत्तापूर्ण खाना मिल सकेगा.
रेलवे की इस नई पहल का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर खानपान सुविधा देना और स्टेशनों पर मिलने वाली सुविधाओं को आधुनिक बनाना है. आने वाले समय में रेलवे स्टेशन सिर्फ ट्रेन पकड़ने की जगह नहीं, बल्कि बेहतर यात्री सुविधाओं से लैस केंद्र के रूप में विकसित किए जाएंगे.
इस योजना को लेकर पटना में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट के लिए विशेष संविदा शर्तों (SCC) को लेकर चर्चा हुई. बैठक में कैटरिंग क्षेत्र से जुड़े कई बड़े फर्मों के प्रतिनिधि शामिल हुए. इसके अलावा कई प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी भागीदारी दी.
बैठक में रेलवे अधिकारियों ने आउटलेट की व्यवस्था, यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं, कंपनियों की भागीदारी, लाइसेंस प्रक्रिया और स्टेशनों पर आधुनिक खानपान सुविधा विकसित करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन आउटलेट्स में यात्रियों को साफ-सफाई के साथ बेहतर गुणवत्ता वाला खाना उपलब्ध कराया जाएगा. इसमें क्षेत्रीय पसंद के खाने के साथ-साथ बड़े राष्ट्रीय और लोकप्रिय ब्रांडों को भी जगह दी जा सकती है.
रेलवे का मानना है कि इस पहल से यात्रियों को सफर के दौरान खाने को लेकर होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी. खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा.
पूर्व मध्य रेलवे की ओर से लोगों और कैटरिंग कंपनियों से सुझाव भी मांगे गए हैं. इसके लिए ई-मेल और संपर्क माध्यम जारी किए गए हैं, ताकि योजना को यात्रियों की जरूरत के हिसाब से बेहतर बनाया जा सके.