Bihar Police News: बिहार के वैशाली जिले के तीन लापरवाह थानेदारों पर एसपी ने बड़ा एक्शन लिया है। आचरण (चरित्र) प्रमाण पत्र जारी करने में देरी को लेकर एसपी ने यह कार्रवाई की है। निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने पर जिले के तीन थाना प्रभारी पर आर्थिक दंड लगाया गया है।
बताया गया है कि आचरण प्रमाण पत्र की प्रक्रिया ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से होती है और इसे 14 दिनों के भीतर पूरा करना अनिवार्य है। लेकिन वैशाली जिले के कुछ थानों में इस कार्य में देरी की शिकायत मिल रही थी, जिससे प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने वाले लोगों को समय पर सुविधा नहीं मिल पा रही थी।
इस मामले की समीक्षा वैशाली एसपी विक्रम सिहाग ने की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि लालगंज, गोरौल और जुड़ावनपुर थाना द्वारा कई मामलों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर आचरण प्रमाण पत्र से संबंधित रिपोर्ट नहीं भेजी जा रही थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम के तहत लालगंज, गोरौल और जुड़ावनपुर के थाना प्रभारियों पर एकमुश्त पांच-पांच हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया है। यह राशि उनके वेतन से काटकर राजकोष में जमा कराई जाएगी।
एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त ऑनलाइन चरित्र प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों का निष्पादन 14 दिनों के भीतर करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय-सीमा के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




