VAISHALI: केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का पकौड़ा तलते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बिदुपुर रेलवे स्टेशन के पास साहू मिष्ठान भंडार में पहुंचे नित्यानंद अचानक कराही में पकौड़ा तलने लगे। उन्हें पकौड़ा और कचरी छानते देख लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
दरअसल हाजीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे एनडीए प्रत्याशी अवधेश सिंह और राघोपुर विधानसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी सतीश कुमार यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए नित्यानंद राय वैशाली पहुंचे थे। चुनाव प्रचार के दौरान उनकी नजर बिदुपुर स्टेशन के पास स्थित साहू मिष्ठान में पकौड़ा छान रहे एक व्यक्ति पर पड़ी।
वो वहां पहुंच गये जिन्हे देखकर दुकानदार और उस व्यक्ति को भी विश्वास नहीं हुआ कि देश के केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय उनके सामने खड़े हैं। नित्यानंद राय ने हाथ में छनौटा पकड़ा और वो कराही में पकौड़ा और कचरी छानने लगे। उन्होंने खुद पकौड़े तले और अपने समर्थकों के साथ-साथ खुद भी उसका स्वाद चखा।
अब पकौड़ा तलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो शनिवार की शाम का बताया जा रहा है, जब नित्यानंद राय हाजीपुर के अक्षयवट राय स्टेडियम में एक विशाल चुनावी जनसभा समाप्त करने के बाद जनसंपर्क के लिए निकले थे।




