KHAGARIA: बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को खगड़िया के परबत्ता पहुंचे। जहां रहीमपुर गांव जाकर मृतक बाबूलाल यादव के परिजनों से मिले और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान तेजस्वी ने फोन पर खगड़िया एसपी से बात करके कार्रवाई की अपील की।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी ने कहा कि खगड़िया में इन दिनों अपराधी बेलगाम हो गये हैं। इन दिनों लगातार हत्या की घटना सामने आ रही है। हालांकि बाबूलाल हत्याकांड में दो आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। तेजस्वी ने घटना में शामिल गुड्डू सिंह पर कार्रवाई की मांग की। बता दें कि बीते 17 मई को बेखौफ बदमाशों ने किसान बाबूलाल यादव को गोलियों से भूनकर डाला था। बाबूलाल की हत्या के बाद तेजस्वी यादव उनके परिजनों से मिलने पहुंचे थे। इस घटना पर तेजस्वी यादव ने दुख प्रकट किया और पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा जताया।
तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवार से कहा कि चिंता नहीं करना है हम पटना में रहकर भी इस केस की मॉनिटरिंग करते रहेंगे। उन्होंने मीडिया से कहा कि आरोपी ने कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। जेल की हवा भी खाया है। पुलिस प्रशासन से हम लोगों की बात हुई है। दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग जिले की एसपी से की गई है। हम चाहते हैं कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले। एक गरीब की जिस प्रकार से गुड्डू सिंह ने हत्या की है, इसका अंजाम उसे भुगतना पड़ेगा।





