Hindi News / bihar / sheohar-news / कमर में देसी कट्टा लगाकर दहशत फैला रहा था शख्स, ग्रामीणों की पड़ी...

कमर में देसी कट्टा लगाकर दहशत फैला रहा था शख्स, ग्रामीणों की पड़ी नजर; फिर जो हुआ…

Bihar Crime News: शिवहर जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक को संदिग्ध हालत में हथियार के साथ पकड़ लिया गया। ग्रामीणों की सतर्कता से मामला समय रहते काबू में आ गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 05, 2026, 11:24:42 AM

कमर में देसी कट्टा लगाकर दहशत फैला रहा था शख्स, ग्रामीणों की पड़ी नजर; फिर जो हुआ…

- फ़ोटो

Bihar Crime News: शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के कुशहर चौक पर उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक युवक को संदिग्ध हालत में घूमते हुए पकड़ लिया. युवक के पास हथियार होने की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ के कारण उसे मौके पर ही दबोच लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर से चौक के आसपास संदिग्ध तरीके से घूम रहा था. उसकी गतिविधियों पर जब स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो उन्हें कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ. इसके बाद ग्रामीणों ने युवक से पूछताछ की कोशिश की. इसी दौरान उसके पास हथियार होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद लोगों ने बिना देर किए उसे पकड़ लिया.


घटना की सूचना मिलते ही तरियानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर हथियार जब्त किया और उसे थाना ले गई. युवक की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के मोतनाजे गांव निवासी विश्वनाथ रजक के पुत्र रामबाबू कुमार रजक के रूप में हुई है.


युवक के पकड़े जाने के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर वह हथियार लेकर चौक पर क्यों पहुंचा था और उसका मकसद क्या था. फिलहाल इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.


पुलिस युवक से लगातार पूछताछ कर रही है. उसके पास मिले हथियार की भी जांच की जा रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था या किसी अन्य कारण से वहां पहुंचा था.


इस मामले में तरियानी थानाध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को हथियार के साथ पकड़ रखा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाना लाया गया.


उन्होंने बताया कि युवक से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक हथियार के साथ वहां किस उद्देश्य से पहुंचा था. फिलहाल पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

(शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट)