Hindi News / bihar / saharsa-news / सास से विवाद के बाद बहू ने उठाया खौफनाक कदम, 6 महीने की...

सास से विवाद के बाद बहू ने उठाया खौफनाक कदम, 6 महीने की मासूम बेटी के साथ खाया ज़हर; दोनों की मौत

Bihar News: शेखपुरा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर में हुए विवाद के बाद एक महिला ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे उसकी और उसकी छह महीने की मासूम बेटी की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 02, 2026, 11:27:11 AM

सास से विवाद के बाद बहू ने उठाया खौफनाक कदम, 6 महीने की मासूम बेटी के साथ खाया ज़हर; दोनों की मौत

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के शेखपुरा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने अपनी छह महीने की मासूम बेटी के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे मां-बेटी दोनों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मिली जानकारी के अनुसार मामला बरबीघा प्रखंड के गंगटी गांव का है। बताया जा रहा है कि रविवार रात महिला विभा देवी का किसी बात को लेकर अपनी सास से विवाद हो गया था। परिवार के लोगों के मुताबिक कहासुनी के बाद विभा काफी नाराज हो गई और गुस्से में आकर उसने अपनी छह महीने की बच्ची के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया।


घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जहरीले पदार्थ के असर से मां और मासूम बच्ची की मौत हो गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया है।


मृतका के पति रोहित ने बताया कि उनकी पत्नी का अपनी सास से विवाद हुआ था। इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया। घटना की खबर मिलते ही केवटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।


सोमवार सुबह मृतका के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फिलहाल दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


थानाध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।