Road Accident: यूपी के संतकबीर नगर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। दिल्ली से बिहार जा रही एक कार गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे मिट्टी के ढेर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में दो साल की मासूम बच्ची इनाया की मौत हो गई जबकि उसके माता-पिता और अन्य दो बच्चे घायल हो गए।
घटना गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांटे चौकी के पास गुरुवार सुबह की है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए फौरन अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने जांच के दौरान 2 साल की मासूम को मृत घोषित कर दिया। हादसे में अन्य घायलों का इलाज जारी है।
दरअसल बिहार के पूर्णिया जनपद के डगरवा थाना के चम्पा बरेली गांव निवासी बहरुल अंसारी अपनी पत्नी,बच्चों और भाई के साथ दिल्ली में रहते हैं। वह दिल्ली से अपनी कार से पत्नी रेहाना,भाई जकस्त,तीन वर्षीय बेटी सनाया व दो वर्षीय बेटी इनाया के साथ अपने बिहार स्थित गांव आ रहे थे। वह कार खुद चला रहे थे। गुरुवार को सुबह करीब पांच बजे गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांटे चौकी के पास वह पहुंचे थे। इसी दौरान झपकी लगने से उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पड़ी मिट्टी के ढ़ेर से टकराकर पलट गयी। जिसके बाद ये हादसा हो गया।






