ROHTAS: सासाराम में आरजेडी के मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने एलपीजी रसोई गैस की कीमतों और आपूर्ति को लेकर सरकार पर हमला बोला। कहा कि वर्तमान गैस संकट एक सरकार द्वारा प्रायोजित और कृत्रिम समस्या है।
भाई वीरेंद्र ने कहा कि जिस तरह नोटबंदी के दौरान लोगों को लंबी कतारों में खड़ा किया गया और कुछ लोग कालाबाजारी के जरिए मालामाल हुए, ठीक उसी तरह वर्तमान में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को भी कृत्रिम रूप से पैदा किया जा रहा है। उनका आरोप है कि सरकार का यह रवैया कालाबाजारी को मजबूत करने और जनता को परेशान करने के उद्देश्य से है।
भाई वीरेंद्र यह बयान अख्तियारपुर में शिक्षक जैनेंद्र प्रसाद सिंह की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान स्थिति में कहीं से इतनी बड़ी एलपीजी गैस की कमी नहीं हो सकती, इसलिए यह पूरी घटना सरकार और उनके समर्थकों की साजिश के रूप में देखी जा रही है।





