Hindi News / bihar / purvi-champaran / पूर्वी चंपारण में दर्दनाक हादसा, बरगद का पेड़ गिरने से वृद्ध की मौत;...

पूर्वी चंपारण में दर्दनाक हादसा, बरगद का पेड़ गिरने से वृद्ध की मौत; एक गंभीर रूप से घायल

Bihar News: पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में बरगद का विशाल पेड़ गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मक्का छील रहे दो वृद्ध इसकी चपेट में आ गए, जिसमें एक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 21, 2026, 1:04:56 PM

Bihar News

- फ़ोटो Reporter

Bihar News: पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र अंतर्गत गायघाट वार्ड संख्या-10 स्थित धनकी टोला में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में वर्षों पुराना विशाल बरगद का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से मक्का छील रहे दो वृद्ध दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक वृद्ध की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है।


जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोग सुबह घर के बाहर बैठकर मक्का का बाल छील रहे थे। इसी दौरान अचानक पुराना बरगद का विशाल पेड़ तेज आवाज के साथ गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही वहां मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे, लेकिन दो वृद्ध उसकी चपेट में आ गए। हादसे में पास खड़ा एक वाहन भी पेड़ के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।


घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ के नीचे दबे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक एक वृद्ध की मौत हो चुकी थी। वहीं दूसरे घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


मृतक के पुत्र राकेश कुमार ने बताया कि उनके पिता सुबह घर के पास बैठकर मक्का छील रहे थे। इसी दौरान अचानक बरगद का पेड़ गिर पड़ा और उसके नीचे दबने से उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।


घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी