1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 18, 2026, 6:54:09 PM
सप्ताह में दो दिन प्रेस वार्ता - फ़ोटो AI-generated image
PATNA: बिहार सरकार के सभी विभाग अब नियमित रूप से अपनी योजनाओं, कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएंगे। इसके लिए प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार यानि दो दिन दोपहर 12:30 बजे सूचना भवन स्थित ‘संवाद’ कक्ष में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी।
इस संबंध में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी विभागों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। जारी आदेश में विभागवार रोस्टर भी तय कर दिया गया है, ताकि निर्धारित तिथि पर संबंधित विभाग अपनी उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी मीडिया और आमजन के सामने रख सके।
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि इस कार्य के लिए किसी वरीय पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी नामित किया जाए, जो प्रेस वार्ता की समुचित व्यवस्था और समन्वय सुनिश्चित करेंगे। वहीं, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में संयुक्त निदेशक (प्रेस) रवि भूषण सहाय को सभी विभागों के नोडल पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विभागीय योजनाओं और कार्यों में पारदर्शिता लाना तथा आम लोगों तक सही और अद्यतन जानकारी पहुंचाना है। इससे जनता को विभिन्न लाभकारी योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की नियमित जानकारी मिलती रहेगी। इसके अलावा, विभागों की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों से भी आमजन सीधे तौर पर परिचित हो सकेंगे, जिससे सरकार और जनता के बीच संवाद और विश्वास को मजबूती मिलेगी।