President Droupadi Murmu: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 मार्च को बिहार के राजगीर दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला नालंदा दौरा होगा, जिससे इस कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति सबसे पहले विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगी और दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करेंगी। अपने संबोधन में वे युवाओं को भविष्य के लिए प्रेरित करेंगी। समारोह के दौरान देश-विदेश के मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और अन्य पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन इस कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियों में जुटा है। अतिथियों के बैठने, स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। देश-विदेश से आने वाले शिक्षाविदों और विशिष्ट मेहमानों के लिए अलग व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति नालंदा के प्राचीन भग्नावशेषों का भी भ्रमण करेंगी। ये ऐतिहासिक अवशेष यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल हैं और भारत की प्राचीन शिक्षा परंपरा के प्रतीक माने जाते हैं। इस दौरान वे इन स्थलों के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी लेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। राजगीर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कार्यक्रम के दिन जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि दौरा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।




