PATNA: पटना के शास्त्रीनगर इलाके में एक 26 वर्षीया युवती के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता के बॉयफ्रेंड 28 वर्षीय अभिजीत पर दुष्कर्म का आरोप है। बॉयफ्रेंड पर गंभीर आरोप लगाते हुए युवती ने कहा कि उसे OYO होटल P. Shahi में बुलाकर शराब पिलाई और फिर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
युवती उस समय होटल के कमरा नंबर 103 में थी। घटना के बाद अभिजीत दूसरे कमरे में चला गया और पीड़िता नशे की हालत में बेहोश हो गई। लगभग दो घंटे बाद होश आने पर युवती ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस जब होटल पहुँची, तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
पुलिस ने पीड़िता को थाने ले जाकर मेडिकल जांच कराई। घटना 13 मार्च की बताई जा रही है। 15 मार्च को पीड़िता ने थाने में यौन शोषण की शिकायत दी और 23 मार्च को अपने माता-पिता के साथ पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में पता चला कि पीड़िता और अभिजीत का लगभग 6 वर्षों से अफेयर चल रहा था। दोनों पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान मिले थे। धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और पिछले चार महीनों से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। आरोप है कि अभिजीत ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ यौन शोषण किया।
पीड़िता के अनुसार, फरवरी में अभिजीत ने अपना किराए का फ्लैट छोड़ दिया और किसी अन्य जगह रहने लगा, जबकि वह गर्ल्स हॉस्टल में रहने लगी। इसी दौरान उसे पता चला कि अभिजीत की दूसरी जगह शादी तय हो गई है। 13 मार्च की रात अभिजीत ने युवती को मिलने के लिए बुलाया और अपने दोस्त गुड्डू बाबा के जरिए उसे होटल तक पहुँचाया। वहां दोनों के बीच शादी को लेकर बहस भी हुई।
पीड़िता ने बताया कि पुलिस ने उसे होटल से रेस्क्यू कर शास्त्रीनगर थाने पहुँचाया और उसका मेडिकल कराया। घटना के समय वह घबराई हुई थी, इसलिए तुरंत बयान नहीं दे सकी। 23 मार्च को वह अपने माता-पिता के साथ थाने गई और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। एसडीपीओ साकेत कुमार ने बताया कि मामले की एफएसएल टीम से जांच की जा रही है। होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हर साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी फिलहाल फरार है।





