PATNA: यदि आपको भी कोई मोबाइल पर कॉल करके लोन देने का झांसा दें तो हो जाइए सावधान, क्योंकि पटना में ऐसे ठग लोगों को प्रोसेसिंग फी और रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसा वसूल रहे हैं और फिर मोबाइल नंबर बंद कर अचानक गायब हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला राजधानी पटना में सामने आया है।
जहां त्योहारों के सीजन में लोगों को आसान लोन देने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह पर पटना पुलिस ने कार्रवाई की है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के निर्देश पर नगर एसपी पश्चिमी के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गयी। जहां से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष, साइबर थाना पटना नीतीश चंद्र धारिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी बजाज फाइनेंस के नाम पर सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन डालता था। विज्ञापन देखकर जब लोग लोन लेने की इच्छा जताते तो प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन और अन्य शुल्क के नाम पर उनसे पैसा वसूलता था। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं और उसके अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।
पटना से सूरज की रिपोर्ट



