Hindi News / bihar / patna-news / पटना हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस बनीं मीनाक्षी एम. राय, राज्यपाल ने दिलाई शपथ;...

पटना हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस बनीं मीनाक्षी एम. राय, राज्यपाल ने दिलाई शपथ; सीएम सम्राट चौधरी रहे मौजूद

Chief Justice Patna High Court: न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय ने पटना उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। सिक्किम से आने वाली मीनाक्षी राय का न्यायिक क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का लंबा अनुभव रहा है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 05, 2026, 1:48:01 PM

Chief Justice Patna High Court

- फ़ोटो Social media

Chief Justice Patna High Court: पटना उच्च न्यायालय की नई मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राजधानी स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें शपथ दिलाई।


समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय ने मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू का स्थान लिया है, जो 4 जून को सेवानिवृत्त हुए थे।


न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय का जन्म 12 जुलाई 1964 को सिक्किम में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद कैंपस लॉ सेंटर से एलएलबी की डिग्री हासिल की।


वर्ष 1990 में उन्होंने दिल्ली बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया और दिल्ली हाईकोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट में वकालत की। इसी वर्ष उन्हें सिक्किम न्यायिक सेवा में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सह सिविल जज के पद पर नियुक्त किया गया। इस उपलब्धि के साथ वह सिक्किम की पहली महिला बनीं, जिन्हें इस पद पर नियुक्ति मिली।


अपने न्यायिक करियर के दौरान न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रजिस्ट्रार जनरल, फैमिली कोर्ट जज, एनडीपीएस कोर्ट की न्यायाधीश तथा भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत विशेष न्यायाधीश समेत कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली।


उन्हें 15 अप्रैल 2015 को सिक्किम हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। अब उनकी नियुक्ति पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में हुई है, जिससे बिहार की न्यायिक व्यवस्था को उनके व्यापक अनुभव का लाभ मिलेगा।