1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 04, 2026, 3:31:46 PM
ग्रामीण सड़कों का चौड़ीकरण - फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क और आवागमन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण, चौड़ीकरण और नई संपर्क परियोजनाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क और पुल निर्माण कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीण विकास को गति मिल सके और लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प सभागार में ग्रामीण कार्य विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव श्री दिवेश सेहरा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन और संपर्क व्यवस्था बनाये रखने के लिए सड़कों एवं पुलों का निर्माण तथा रख-रखाव जरूरी है। पूर्व से निर्मित ग्रामीण सड़कों का नियमित अनुश्रवण करें तथा आवश्यकता के अनुसार उनका सुदृढ़ीकरण कराया जाए, ताकि ग्रामीण जनता को सुरक्षित एवं सुगम यातायात की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि सड़कों के रख-रखाव की प्रभावी व्यवस्था विकसित करें और किसी भी क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत में अनावश्यक विलंब न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या एवं यातायात की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण सड़कों के चौड़ीकरण की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलती है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक लोगों की पहुंच आसान होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सड़क परियोजनाओं की प्राथमिकता निर्धारित करें तथा जनहित, यातायात की आवश्यकता और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का चयन करें। प्राथमिकता के आधार पर नई परियोजनाओं को स्वीकृत कर गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करें।
बैठक में उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव दिवेश सेहरा, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।