1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 04, 2026, 7:28:57 PM
सरकार ने वापस लिया आदेश - फ़ोटो Google
Bihar News: पटना में मुख्यमंत्री आवास से जुड़े फैसले को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है। अब मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास 1 अणे मार्ग और 5 देशरत्न मार्ग बंगला अलग-अलग ही रहेगा। राज्य सरकार ने पहले जारी वह आदेश वापस ले लिया है, जिसमें सीएम आवास का विस्तार 1 अणे मार्ग से 5 देशरत्न मार्ग तक करने की बात कही गई थी।
भवन निर्माण विभाग ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि 5 देशरत्न मार्ग स्थित बंगले को सीएम आवास का हिस्सा बनाने का अस्थायी आदेश अब निरस्त कर दिया गया है। विभाग के अनुसार यह बंगला मरम्मती के कारण अस्थायी रूप से सीएम आवास में शामिल किया गया था, लेकिन अब मरम्मत पूरी होने के बाद इसे लोक सेवक आवास के रूप में फिर से उपलब्ध करा दिया गया है।
इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगले को बीजेपी मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किए जाने के बाद उन्हें 39 हार्डिंग रोड वाले नए आवास में जाने का निर्देश दिया गया है। इस फैसले के बाद राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।
राज्य सरकार के आदेश पर विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सवाल खड़े किए थे। आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि 2019 में सरकार ने हाईकोर्ट में लिखित जवाब दिया था कि 5 देशरत्न मार्ग बंगला उपमुख्यमंत्री के लिए निर्धारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सवालों से बचने के लिए यह आदेश वापस लिया।
वहीं जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने भी सीएम आवास विस्तार पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जब 1 अणे मार्ग पहले से सीएम आवास है, तो इसका विस्तार क्यों किया जा रहा है। सीएम सम्राट चौधरी ने हाल ही में कहा था कि अगर पार्टी उनका काम पूरा मान ले तो वे 24 घंटे में सरकारी बंगला खाली कर देंगे और झोला उठाकर चल देंगे।
उन्होंने राबड़ी देवी के बयान पर तंज कसते हुए कहा था कि “मां और बेटे दोनों को अलग-अलग बंगला चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा था कि 1 अणे मार्ग उनका 11वां सरकारी आवास है और इससे पहले वे सिर्फ दफ्तर के लिए सरकारी आवास का उपयोग करते रहे हैं, जबकि वे अपने निजी घर में रहते थे।