Bihar Weather Update: बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर है। पटना समेत कई हिस्सों में मौसम में बदलाव के आसार हैं। राजधानी और आसपास इलाकों में बादल छाए रहने के साथ गरज के साथ छिटपुट बारिश की संभावना है। वहीं 4 जिलों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
मंगलवार यानी आज बिहार के 4 जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया एवं सुपौल जिले में एक या दो स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ गरज और बारिश के आसार हैं। मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के अलग-अलग भागों में 13 अप्रैल तक गरज के साथ छिटपुट बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार आज (08 अप्रैल) से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। कई मौसमी कारकों के प्रभाव से राज्य के पूर्वी भाग के जिलों में आज से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। साथ में हल्की या मध्यम स्तर की वर्षा की संभावना है। वहीं कई जिलों में बिजली चमकने के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है। किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल जिले में इसका प्रभाव ज्यादा दिखेगा। वहीं भागलपुर, खगड़िया, शिवहर, सीतामढ़ी और समस्तीपुर में तेज हवा और हल्की वर्षा के साथ वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट का पूर्वानुमान है। सोमवार को पटना व आसपास इलाकों में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे।






