Bihar Weather: बिहार में तापमान लगातार बढ़ रहा है और गर्मी के तेवर कड़े होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान चार डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों में बिहार के तापमान में तेजी से उछाल आया है, जिससे आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
पटना का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग (IMD Patna) के अनुसार, पटना का मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा। बीते 24 घंटे में राजधानी का अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में भी यही स्थिति बनी रह सकती है। बुधवार से शुक्रवार तक पटना का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।आपको बता दे कि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
बिहार में गर्मी का प्रकोप बढ़ने के संकेत
हालांकि, मौसम विभाग ने अभी कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन तापमान में लगातार हो रही वृद्धि संकेत दे रही है कि बिहार में भीषण गर्मी पड़ सकती है। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यह साफ है कि दिन के साथ-साथ रातें भी अब गर्म होने लगी हैं।
बिहार के विभिन्न जिलों का तापमान
IMD Patna के अनुसार, राज्य के एक दर्जन से अधिक जिलों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है।वहीं, छपरा में न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मुजफ्फरपुर का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। खगड़िया में सबसे अधिक 24 डिग्री का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसलिए संभावित गर्मी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




