Hindi News / bihar / patna-news / बिहार में आज से ‘सहयोग शिविर’ शुरू, जमीन से लेकर पेंशन तक घर...

बिहार में आज से ‘सहयोग शिविर’ शुरू, जमीन से लेकर पेंशन तक घर के पास ही मिलेगा समाधान

Bihar News: बिहार में ‘सहयोग शिविर’ के जरिए जमीन विवाद, पेंशन, राशन कार्ड और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान अब लोगों को उनके घर के पास ही मिलेगा। 23 प्रखंडों और 17 नगर निकायों में 26 स्थानों पर शिविर लगाए जा रहे हैं।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 02, 2026, 9:14:42 AM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो AI

Bihar News: जमीन संबंधी विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, जाति-आय-निवास प्रमाणपत्र सहित कई जनसमस्याओं का समाधान अब लोगों को उनके घर के नजदीक ही मिलेगा। मंगलवार से बिहार के विभिन्न प्रखंडों और नगर निकायों में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है।


सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इन शिविरों में 23 प्रखंडों की 41 ग्राम पंचायतों और 17 नगर निकायों के विभिन्न वार्डों के कुल 26 स्थलों पर आयोजन किया जाएगा। यह शिविर पंचायत सरकार भवन, नगर वार्ड के सरकारी भवन या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे।


इन शिविरों में 19 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां न केवल शिकायतों का समाधान किया जाएगा बल्कि सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। अधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लाभार्थी योजनाओं का सही तरीके से लाभ प्राप्त कर सकें।


लोगों की सहायता के लिए “मे आई हेल्प यू” काउंटर भी स्थापित किया जाएगा, ताकि किसी भी समस्या के समाधान में कोई कठिनाई न हो। इन शिविरों में जमीन से जुड़ी समस्याएं, लंबित आवेदन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन न मिलना, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, जाति-आय-निवास प्रमाणपत्र, सड़क, नाली, बिजली, जलापूर्ति और स्वच्छता से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाएगा।


इसके अलावा जिन आवेदनों का निपटारा नहीं हुआ है, उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि प्राप्त शिकायतों के समाधान के बाद आवेदकों को 30 दिनों के भीतर लिखित सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर शुरू होने से 30 दिन पहले ही आवेदन और परिवाद प्राप्त करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।


जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने समीक्षा बैठक कर उप विकास आयुक्त, अपर जिला दंडाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक इस योजना की जानकारी पहुंचे, इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि हर पात्र व्यक्ति शिविर का लाभ उठा सके।