Hindi News / bihar / patna-news / 24 घंटे के भीतर आधे बिहार में एक्टिव हुआ मानसून, कई जिलों में...

24 घंटे के भीतर आधे बिहार में एक्टिव हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; जानिए.. कब पहुंचेगा पटना?

Bihar Weather Update: बिहार में मॉनसून ने तेजी से दस्तक दी है और 24 घंटे में आधे राज्य को कवर कर लिया है। कई जिलों में भारी बारिश जारी है और मौसम विभाग ने 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 12, 2026, 5:20:12 PM

Bihar Weather Update

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar Weather Update: बिहार में मॉनसून ने दस्तक देते ही तेजी से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। महज 24 घंटे के भीतर मॉनसून ने राज्य के लगभग आधे हिस्से को कवर कर लिया है। शुक्रवार दोपहर तक इसकी उत्तरी सीमा मुजफ्फरपुर तक पहुंच गई, जबकि कोसी, सीमांचल, मिथिला और पूर्वी बिहार के कई जिलों में इसका प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है।


सीमांचल और पूर्वी बिहार के जिलों में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। कटिहार, पूर्णिया और किशनगंज सहित कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है और गर्मी से राहत मिली है। वहीं राजधानी पटना के लोगों को अभी मॉनसून का इंतजार है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे में पटना तक मॉनसून पहुंचने की पूरी संभावना है। वहीं, 48 से 72 घंटे के भीतर राज्य के शेष हिस्सों में भी इसका विस्तार होने के आसार हैं।


दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने गुरुवार सुबह पूर्णिया के रास्ते बिहार में प्रवेश किया था। पहले दिन ही यह 7 जिलों तक पहुंच गया था, और अगले ही दिन इसका प्रभाव आधे बिहार में फैल गया। मौसम विभाग के अनुसार 12 जून को मॉनसून ने पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी प्रगति की है।


मौसम विभाग ने शनिवार को भागलपुर, बांका, कटिहार, पूर्णिया और किशनगंज में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं पूरे राज्य में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। दक्षिण बिहार, चंपारण, पटना और पूर्वी बिहार के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रविवार से मॉनसून के प्रभाव में थोड़ी कमी आने की संभावना है।


मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम में घरों से बाहर न निकलने, बिजली के उपकरणों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है। साथ ही भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव से सावधानी बरतने को कहा गया है।