Bihar News: कृषि विभाग के व्हाट्सअप्प ग्रुप में विवाद करना दो महिला और एक पुरूष अधिकारी को महंगा पड़ गया. खबर के बाद विभाग के सचिव संजय अग्रवाल ने बड़ा एक्शन ले लिया है. बिहार कृषि सेवा के तीनों अधिकारियों को मुख्यालय में योगदान देने का आदेश जारी किया गया है.
कृषि विभाग के आदेश में कहा गया है कि तीन अधिकारियों ने विभागीय OFMS MECHANIZATION ग्रुप में अनावश्यक वाद-विवाद किया. यह बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली का उल्लंघन है. ऐसे में तीनों को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय में योगदान का आदेश दिया जाता है.
जिन अधिकारियों को मुख्यालय में योगदान का आदेश दिया गया है उनमें दो महिला अधिकारी हैं. अरवल जिले में पदस्थापित सहायक निदेशक( कृषि अभियंत्रण) गरिमा झरिया, अरवल जिला कृषि कार्यालय में पदस्थापित सहायक निदेशक सुष्मिता और जमुई में पदस्थापित राज बहादुर सहायक निदेशक (कृषि अभियंत्रण) को मुख्यालय बुला लिया गया है. इन्हें तत्काल मुख्यालय में योगदान का आदेश दिया गया है.





