Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / 4 साल की सजा के बाद BJP विधायक राजू कुमार सिंह का भावुक...

4 साल की सजा के बाद BJP विधायक राजू कुमार सिंह का भावुक पोस्ट, साहेबगंज की जनता से बोले- धैर्य रखें, कानून पर भरोसा बनाए रखें

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से 4 साल की सजा मिलने के बाद साहेबगंज से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने समर्थकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और न्यायपालिका पर विश्वास रखने की अपील की।

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Jul 04, 2026, 8:49:16 PM

बिहार न्यूज

- फ़ोटो रिपोर्टर

MUZAFFARPUR:मुजफ्फरपुर के साहेबगंज से भारतीय जनता पार्टी (BJP)के विधायक राजू कुमार सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 4 साल की सजा सुनाई है। साथ ही 25 लाख रुपये की मुआवजा राशि पीड़ित परिवार को देने का भी आदेश दिया है। ऐसे में अब उनकी विधायकी जाना तय माना जा रहा है। 


कोर्ट की सुनवाई के बाद राजू कुमार सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर भावुक पोस्ट शेयर किया है। राजू सिंह ने यह लिखा कि "मेरे प्रिय साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों, माताओं-बहनों, भाइयों, युवाओं एवं मेरे प्रिय कार्यकर्ताओं, राजू सिंह विधायक का सोशल मीडिया से भावुक पोस्ट आमजन के नाम 


आज न्यायालय द्वारा दिए गए निर्णय से आप सभी की भावनाएँ आहत हुई हैं। मैं आप सभी की पीड़ा और स्नेह को भली-भांति समझता हूँ। इस कठिन समय में आप सभी से मेरा एक ही आग्रह है कि धैर्य बनाए रखें, हिम्मत बनाए रखें और किसी भी परिस्थिति में अपना विश्वास कमजोर न होने दें।


मेरा आप सभी से अनुरोध है कि न्यायपालिका का पूर्ण सम्मान करें और कानून पर विश्वास बनाए रखें। आगे की कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से हम अपनी बात पूरी मजबूती के साथ रखेंगे। मैं अपने क्षेत्र की महान जनता, शुभचिंतकों और प्रत्येक कार्यकर्ता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने हर परिस्थिति में मेरा साथ दिया है। आपका यह स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।


कृपया किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, शांति और संयम बनाए रखें तथा हमेशा की तरह एकजुट रहें। संघर्ष जीवन का एक हिस्सा है, लेकिन सत्य, सेवा और जनता के प्रति मेरा समर्पण कभी नहीं बदलेगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ईश्वर की कृपा, आप सभी के आशीर्वाद और सत्य की शक्ति से यह कठिन समय भी बीत जाएगा।आपका स्नेह, आपका विश्वास और आपका आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।

आपका अपना,

राजू कुमार सिंह

विधायक, 98 साहेबगंज विधानसभा


बता दें कि 2018 में न्यू ईयर पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में महिला डॉक्टर अर्चना गुप्ता की जान चली गई थी। उसी मामले में पिछले महीने भाजपा विधायक राजू सिंह को दोषी करार दिया गया था। अदालत ने शनिवार को 4 साल की सजा सुनाई, साथ ही दोषी विधायक को 25 लाख रुपये की मुआवजा राशि पीड़ित परिवार को देने का आदेश भी दिया।