Patna News: पटना की एक युवती ने भोजपुर निवासी इमरान नामक युवक पर धोखे से शादी करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि इमरान ने खुद को ‘सोनू’ नामक हिंदू युवक बताकर उसे प्यार के जाल में फंसाया और फिर शादी कर ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी इमरान भोजपुर जिले का रहनेवाला है और वर्तमान में पटना के शास्त्रीनगर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। दोनों एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे, जहां मुलाकात के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बना। करीब दो साल तक रिश्ते में रहने के बाद युवती को पता चला कि सोनू वास्तव में इमरान है।
युवती के विरोध करने पर इमरान ने उसे भरोसा दिलाया कि वह सच्चा प्यार करता है। इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और साथ रहने लगे। आरोप है कि शादी के बाद इमरान ने युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव डालना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि इमरान उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था और छह साल तक जानबूझकर संतान नहीं होने दी। चार महीने पहले इमरान ने दूसरी शादी कर ली। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। महिला थाना की प्रभारी ने बताया कि दोनों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था, लेकिन आरोपी इमरान उपस्थित नहीं हुआ। पुलिस ने धोखाधड़ी, प्रताड़ना और दूसरी शादी के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



