Hindi News / bihar / patna-news / Anant Singh News : हथियार प्रदर्शन केस में फंसे अनंत सिंह, कोर्ट से...

Anant Singh News : हथियार प्रदर्शन केस में फंसे अनंत सिंह, कोर्ट से तीसरी बार भी नहीं मिली राहत; 25 मई को आएगा बड़ा फैसला

मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। हथियार प्रदर्शन और वायरल वीडियो मामले में गोपालगंज कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत पर फैसला सुरक्षित रखते हुए अगली तारीख 25 मई तय की है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 21, 2026, 8:37:13 AM

Anant Singh News : हथियार प्रदर्शन केस में फंसे अनंत सिंह, कोर्ट से तीसरी बार भी नहीं मिली राहत; 25 मई को आएगा बड़ा फैसला

- फ़ोटो

Anant Singh News : बिहार की राजनीति में एक बार फिर बाहुबली छवि वाले मोकामा विधायक Anant Singh चर्चा के केंद्र में हैं। हथियार प्रदर्शन और वायरल वीडियो मामले में उन्हें कोर्ट से लगातार तीसरी तारीख पर भी राहत नहीं मिल सकी है। गोपालगंज की जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय सह विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने बुधवार को उनकी अग्रिम जमानत और गिरफ्तारी पर रोक से जुड़ी याचिका पर सुनवाई की। लंबी बहस के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया और आदेश सुनाने के लिए 25 मई की तारीख तय की है।


पूरा मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव में आयोजित एक उपनयन संस्कार कार्यक्रम से जुड़ा हुआ है। इसी समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में कथित तौर पर खुलेआम हथियार लहराते हुए लोग दिखाई दिए थे। साथ ही मंच पर अश्लील डांस और रुपये उड़ाने के दृश्य भी सामने आए थे। वीडियो में विधायक अनंत सिंह की मौजूदगी को लेकर विपक्षी दलों और प्रशासन की ओर से सवाल उठाए गए थे।


इस मामले में पुलिस ने विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी गायक एवं अभिनेता Gunjan Singh समेत कुल नौ लोगों को आरोपी बनाया है। पुलिस का आरोप है कि कार्यक्रम में प्रतिबंधित हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और मीरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।


सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता नरेश दीक्षित और गोपालगंज सिविल कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार पाठक ने अदालत में पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि वायरल वीडियो को एडिट कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया है और इसमें विधायक अनंत सिंह या भोजपुरी कलाकार का प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। बचाव पक्ष ने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि विपक्षी ताकतें जानबूझकर विधायक की छवि खराब करने का प्रयास कर रही हैं।


दूसरी ओर, पुलिस ने अदालत को बताया कि मामले की जांच जारी है और हथियारों की बैलिस्टिक जांच बेहद जरूरी है। जांच एजेंसियों की ओर से विधायक अनंत सिंह को नोटिस जारी कर 15 मई तक हथियार और लाइसेंस के साथ उपस्थित होने को कहा गया था। हालांकि तय तारीख तक विधायक या उनके समर्थक जांच में शामिल नहीं हुए। इसी आधार पर पुलिस ने अदालत से कठोर रुख अपनाने की मांग की।


गौरतलब है कि इससे पहले भी अदालत ने विधायक को राहत देने से इंकार कर दिया था। बीते शुक्रवार को हुई सुनवाई में विशेष न्यायाधीश राजेंद्र कुमार पाण्डेय ने गिरफ्तारी पर तत्काल रोक लगाने से साफ मना कर दिया था। उस दौरान अदालत ने केस डायरी और एलसी रिकॉर्ड की मांग करते हुए अगली सुनवाई 20 मई के लिए निर्धारित की थी। अब तीसरी सुनवाई के बाद भी फैसला सुरक्षित रखे जाने से विधायक समर्थकों की चिंता बढ़ गई है।


बताया जा रहा है कि 2 और 3 मई को मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव में गुड्डू राय के पुत्र के उपनयन संस्कार समारोह में बड़ी संख्या में समर्थक जुटे थे। इसी दौरान डांस कार्यक्रम आयोजित हुआ था, जहां कुछ लोग कथित तौर पर हथियार लेकर मंच के पास नाचते दिखाई दिए। वीडियो वायरल होते ही मामला राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।


अब सबकी नजर 25 मई को आने वाले कोर्ट के फैसले पर टिकी हुई है। यदि अदालत अग्रिम जमानत याचिका खारिज करती है तो विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। वहीं बचाव पक्ष को उम्मीद है कि अदालत उन्हें राहत दे सकती है।