PATNA: कपकपाती ठंड में एक लड़की ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। पटना सिटी के कंगन घाट स्थित जेपी सेतु पुल जिसे लोग पटना के मरीन ड्राइव के नाम से जानते हैं, उसके ऊपर से सोमवार शाम में एक युवती ने गंगा नदी में छलांग लगा दी।
आसपास मौजूद लोगों ने जब लड़की को गंगा में कूदते देखा तो शोर मचाने लगे। तभी ड्यूटी पर तैनात SDRF जवान सोनू कुमार उसकी जान बचाने के लिए इतनी ठंड में गंगा नदी में कूद गये। गंगा नदी में छलांग लगाकर युवती को तेज धार के बावजूद सुरक्षित बाहर निकाला।
युवती की पहचान गायघाट निवासी सोनी कुमारी के रूप में हुई है। घायल अवस्था में उसे पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही पटना सिटी चौक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती ने किन परिस्थितियों में और किस कारण से आत्महत्या का प्रयास किया।
थाना प्रभारी मंजीत ठाकुर ने बताया कि युवती के परिजनों से बातचीत कर आत्महत्या के कारण का पता लगाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद प्रतीत होता है। लड़की ने ऐसा कदम क्यों उठाया यह अब तक पता नहीं चल सका है। इसकी जानकारी परिजनों को दे दी गयी है।





