PATNA: इस वक्त की बड़ी खबर पटना से आ रही है। जहां दो सिटी बस के बीच जोरदार टक्कर हो गयी। इस दौरान मौके पर अफरातफरी मच गयी। ओवरटेक के चक्कर में यह घटना घटी है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
राजधानी पटना के फ्रेजर रोड इलाके में शनिवार को दो सिटी बसों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा फ्रेजर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के प्रयास में पीछे से आ रही बस ने आगे चल रही बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे कई यात्री घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बस से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा बस चालक की लापरवाही और ओवरटेकिंग के कारण हुआ।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए फ्रेजर रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को फिर से सामान्य करा दिया।





