BETTIAH: बेतिया जिले के सिरिसिया थाना क्षेत्र के तुरहापटी वार्ड नंबर 4 से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां एक व्यक्ति का शव घर में फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
मृतक की पहचान रामतपस्या शर्मा (पिता स्वर्गीय अनंत शर्मा) निवासी तुरहापटी वार्ड नंबर 4, थाना सिरिसिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रामतपस्या शर्मा को 8 मार्च को यह जानकारी मिली थी कि उनकी पत्नी कविता शर्मा का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम- प्रसंग चल रहा है। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी और विवाद भी हुआ था।
बताया जाता है कि विवाद के बाद कविता शर्मा ने फोन कर अपनी मां को बुला लिया और अपने बच्चों के साथ मायके चली गई। इसके बाद से रामतपस्या शर्मा काफी परेशान और उदास रहने लगा। इसी बीच मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे उनका शव घर में फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है। मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





