Hindi News / bihar / pashchim-champaran-news / प्रेमी युगल की पहले पिटाई, फिर कराई गई जबरन शादी: रोमांस करते पकड़े...

प्रेमी युगल की पहले पिटाई, फिर कराई गई जबरन शादी: रोमांस करते पकड़े जाने पर ग्रामीणों का फैसला

Love Marriage: बिहार के बेतिया से प्रेम प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। ग्रामीणों की मौजूदगी में एक प्रेमी जोड़े को पकड़े जाने के बाद मंदिर में शादी करा दी गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 13, 2026, 12:27:24 PM

प्रेमी युगल की पहले पिटाई, फिर कराई गई जबरन शादी: रोमांस करते पकड़े जाने पर ग्रामीणों का फैसला

- फ़ोटो

Love Marriage: बिहार के बेतिया जिले से प्रेम प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है. यहां एक प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, लेकिन मुलाकात का अंत ऐसी शादी में हुआ जिसकी शायद दोनों ने कल्पना भी नहीं की होगी. ग्रामीणों ने प्रेमी युगल को पकड़ लिया और पहले युवक से जमकर पूछताछ की, फिर दोनों की मंदिर में शादी करा दी.


मामला शिकारपुर थाना क्षेत्र के केहुनिया गांव का है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात गांव के कुछ लोगों की नजर एक युवक और युवती पर पड़ी. दोनों एकांत जगह पर मिले थे. ग्रामीणों ने दोनों को रोककर पूछताछ शुरू कर दी. मामला प्रेम प्रसंग का निकला तो लोगों ने युवक को गांव में ले जाकर परिवार वालों और ग्रामीणों के सामने पेश कर दिया.


ग्रामीणों के सवालों के बीच दोनों ने अपने रिश्ते की बात स्वीकार कर ली. बताया जाता है कि शुरुआत में युवक शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में बातचीत के बाद वह शादी के लिए राजी हो गया.


इसके बाद गांव वालों ने देर रात ही दोनों को मंदिर पहुंचाया. मंदिर में मौजूद लोगों की मौजूदगी में युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपना जीवनसाथी स्वीकार कर लिया. शादी के दौरान वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.


स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है. किसी ने इसे प्रेम कहानी का सुखद अंत बताया तो कुछ लोगों ने सवाल उठाए कि शादी का फैसला इस तरह दबाव में क्यों कराया गया.


बताया जा रहा है कि युवती की पहले शादी हो चुकी थी. करीब पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन डेढ़ साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी. इसके बाद वह अपने मायके में रह रही थी. इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए उसकी मुलाकात युवक से हुई और दोनों के बीच बातचीत बढ़ते-बढ़ते प्रेम संबंध में बदल गई.


युवक अक्सर युवती से मिलने उसके गांव आता था. शुक्रवार रात भी वह इसी सिलसिले में पहुंचा था, लेकिन इस बार ग्रामीणों की नजर पड़ गई और मामला पूरे गांव में फैल गया.


घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया. पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई और पूछताछ के बाद सुरक्षित उनके घर भेज दिया.


पुलिस का कहना है कि दोनों बालिग हैं और दोनों ने अपनी मर्जी से रिश्ते की बात स्वीकार की है. मामले में आगे की जांच की जा रही है.


फिलहाल बेतिया की यह प्रेम कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. एक तरफ जहां लोग इसे प्यार का अनोखा अंजाम बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस तरह सार्वजनिक दबाव में शादी कराने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.