Hindi News / bihar / pashchim-champaran-news / आम बिनने गई 5 साल की मासूम की पोखर में डूबकर मौत, पैर...

आम बिनने गई 5 साल की मासूम की पोखर में डूबकर मौत, पैर फिसलते ही गहरे पानी में समाई; परिवार में मचा कोहराम

Bihar News: बेतिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र में आम बिनने गई 5 वर्षीय मासूम बच्ची की पोखर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 03, 2026, 4:19:00 PM

आम बिनने गई 5 साल की मासूम की पोखर में डूबकर मौत, पैर फिसलते ही गहरे पानी में समाई; परिवार में मचा कोहराम

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के बेतिया जिले में एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय मासूम बच्ची की पोखर में डूबने से मौत हो गई. घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़ा गोपालपुर वार्ड संख्या-9 की है, जहां शुक्रवार सुबह आम बिनने गई बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गई. इस हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.


जानकारी के अनुसार, बड़ा गोपालपुर निवासी दिनेश दास की 5 वर्षीय पुत्री शिक्षा कुमारी शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे कोइलरी मठ के पास स्थित आम के बगीचे में आम बिनने और खेलने गई थी. इसी दौरान मठ परिसर के पोखर की सीढ़ियों पर जमी काई के कारण उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरी.


कुछ देर बाद आसपास के लोगों को बच्ची के पोखर में गिरने की जानकारी मिली. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो शिक्षा कुमारी का शव पानी में तैरता मिला. इसके बाद तत्काल गोपालपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई.


घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की. बाद में पोस्टमार्टम के लिए शव को जीएमसीएच बेतिया भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.


मृतका के पिता दिनेश दास ने बताया कि उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं. शिक्षा कुमारी परिवार की सबसे छोटी संतान थी. उसकी अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.