PATNA: पटना में मेडिकल की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा की मौत मामले ने बिहार की राजनीति और प्रशासन दोनों को झकझोर कर रख दिया है। इस संवेदनशील प्रकरण पर बिहार सरकार के मंत्री व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा का सख्त और बड़ा बयान सामने आया है। विजय सिन्हा ने साफ तौर पर कह दिया है कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हमने साफ शब्दों में कहा है कि जो भी लोग इस मामले में संलिप्त होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पूरी जांच के बाद संचालन करने वाले पर उंगली उठ रही है। वो भी नहीं बख्शे जाएंगे। हर गलत करने वाला और हमारी बेटियों के साथ इस तरह से जिन लोगों का कुकृत्य सामने आया है ऐसे लोग बख्शे नहीं जाएंगे, पूरी तरह से बिहार में कानून का राज स्थापित होगा।
उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वाले को सबक सिखाने की पूरी जिम्मेवारी सरकार की है। पटना पुलिस की रिपोर्ट पर कहा कि उन्होंने हड़बड़ी में सुधार किया है..हमने डीजीपी से भी बात की है, उन्होंने कहा कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और कोई भी लापरवाही गैर जिम्मेदारी बिना त्वरित जांच के नहीं होनी चाहिए। सरकार सजगता से मॉनिटरिंग कर रही है।
वही तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर नीतीश सरकार पर ट्वीट कर हमला बोला है। इस बयान पर उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव विपक्ष की भूमिका निभाये और अपने बिहार में रहकर जनता आभार व्यक्त करे। उन्होंने पत्रकारों से पूछा कि तेजस्वी यादव यह ट्वीट बिहार से कर रहे हैं कि दिल्ली या विदेश में रहकर कर रहे हैं। मीडिया कर्मियों ने बताया कि वो पटना आ गये हैं। विजय सिन्हा फिर बोले की पटना आ गये हैं चलिये धन्यवाद..





