Bihar Crime News: बिहार के नालंदा जिले में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पोकलेन चालक की हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि हिलसा थाना क्षेत्र में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आ गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक प्रॉपर्टी डीलर को बदमाशों ने गोली मार दी, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल की पहचान बेलवा बाग निवासी नंदलाल यादव के 40 वर्षीय पुत्र भूषण यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब साढ़े छह बजे भूषण यादव चिकसौरा मोड़ के पास से गुजर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनके सीने में गोली मार दी। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए पटना के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हिलसा थानाध्यक्ष राकेश कुमार के अनुसार, गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जांच में यह मामला दो पक्षों के बीच पुराने जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
बता दें कि इससे एक दिन पहले शनिवार को इसी थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान झारखंड के चतरा जिले के कुलदीप यादव के रूप में हुई थी, जो पूर्वी बाईपास निर्माण कार्य में पोकलेन चालक था। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।




